NEET परीक्षा को लेकर तैयारियां जोरो से मुख्यमंत्री ने ली समीक्षा बैठक , टेलीग्राम ऐप पर अस्थाई रोक
21 जून को होने वाली NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर प्रदेशभर में तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे, बायोमेट्रिक मशीन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ कराई जाए।
पिछले बार NEET पेपर लीक मामले के बाद इस बार प्रशासन पहले से ज्यादा सतर्क नजर आ रहा है। इसी को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि किसी तरह की गड़बड़ी ना हो सके।
वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी नजर रखी जा रही है। खासतौर पर टेलीग्राम को लेकर चर्चाएं लगातार बनी हुई हैं, क्योंकि पहले भी कई मामलों में सोशल मीडिया के जरिए पेपर लीक की बातें सामने आ चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक सुरक्षा कारणों को देखते हुए टेलीग्राम को 22 जून तक अस्थाई तौर पर बंद किया गया है।
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन भी रहेगा। ऐसे में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग दिवस कार्यक्रमों के कारण परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यातायात व्यवस्था बेहतर रखने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि सभी विद्यार्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।
बैठक में यह भी कहा गया कि बाहर से आने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तैयारी रखे। सरकार इस बार परीक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती और पूरी व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
